फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार की मौत, कंपकंपाते हाथों से तारा चंद मांगते रहे दुआ, भगवान- कोई एक तो बचा ले

Thu, 22 Mar 2018 01:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

शिमला से करीब 22 किलोमीटर दूर कायना के पास बनूटी-शारड़ा सड़क से कार के खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। पांच साल के पोते और बहू की मौत से पगैली के तारा चंद का परिवार बिखर गया है। जिस पोते को प्यार और दुलार से पाला था, वो एक पल में काल का ग्रास बन गया। बहू की मौत की खबर सुनकर तारा चंद टूट गए।

विज्ञापन


दोपहर बाद जब उन्हें हादसे की सूचना दी गई तो ढाबा चलाने वाले बहादुर सिंह के साथ आपातकालीन वार्ड पहुंचे। किसी ने बताया कि बहू और पोते की मौत हो गई है, तो गश खाकर वार्ड के बाहर ही बैठ गए। हालांकि, उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि दोनों अब इस दुनिया में नहीं हैं। तारा चंद ने आसमान की ओर हाथ जोड़कर कहा कि....हे भगवान... किसी एक तो बचा ले।

इस दौरान उन्हें वार्ड के अंदर सुरक्षा कर्मियों की कुर्सी पर बैठाया, पानी भी पिलाया। न्यूरो सर्जन डॉक्टर आए तो कंपकंपाते हाथ जोड़कर उनकी बातें सुनने लग गए। इसी बीच पता चला कि बहू और पोता अब इस दुनिया में नहीं। कुछ ही देर में परिचितों ने उनके साथ आए व्यक्ति को उन्हें परिसर से बाहर ले जाने का इशारा किया।
विज्ञापन


इशारा देखते ही तारा चंद समझ गए कि बहू और पोता अब नहीं बचे हैं। पंगैली के रहने वाले तारा चंद की उम्र साठ वर्ष है। लोक निर्माण विभाग सेवानिवृत्त हुए हैं। बुधवार दोपहर को भी दुकान पर बैठे थे तो किसी ने कार हादसे की सूचना दी। वह अन्य साथी के साथ आईजीएमसी पहुंचे और यहां पर बिलख पड़े। 

घर पहुंचने से पहले खाई में खींच ले गई मौत

रोज की तरह बच्चों को स्कूल से घर ला रहीं तीन महिलाओं में से दो महिलाओं और एक बच्चे को मौत ने घर पहुंचने से पहले झपट लिया। दरअसल गायत्री, पूनम और नर्वदा अपने बच्चे हिम्मत, सचिन और काव्या को आस्था पब्लिक स्कूल से घर ला रही थीं।

दोपहर एक बजे छुट्टी होने पर तीनों अपने बच्चों के साथ स्कूल के पास बस में बैठकर दीदो घाटी पहुंचीं। बस का रास्ता अलग होने की वजह से सभी यहीं उतर गए। और कुछ ही दूरी पर स्थित घरों की तरफ पैदल चलने लगे। लेकिन इसी बीच कार आते देख उन्होंने लिफ्ट ले ली जो इन छह में से तीन की मौत का सबब बन गई।

वेंटिलेटर में काव्या, हालत गंभीर 
कार हादसे में घायल पांच वर्षीय काव्या की हालत भी काफी गंभीर है। बच्ची के सिर पर गहरी चोटें हैं। डॉक्टरों ने वेंटिलेटर पर बच्ची को रखा है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने बताया कि अस्पताल में उपचाराधीन सभी घायलों के टेस्ट मुफ्त किए गए हैं।

मृतकों का पोस्टमार्टम करवाया गया है। जिला प्रशासन ने मृतकों के पार्थिव शरीर को घर तक पहुंचाने के लिए मृतक वाहन की व्यवस्था की है।

तीनों बच्चों ने हाल ही में पाया है स्कूल में प्रवेश

निजी स्कूल में पढ़ने वाले  सचिन, काव्या और हिम्मत केजी कक्षा के छात्र है। इनमें से हिम्मत की मौत हो गई है। जबकि काव्या की हालत गंभीर है, और सचिन ठीक है। हाल ही में इन तीनों ने स्कूल में प्रवेश लिया हैं।

बुधवार को कायना के पास बने शेड में सभी लोग बस का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक कार चालक देवेंद्र जोकि नर्वदा का काव्या के घर का सदस्य है, गाड़ी लेकर आता है। सभी को गाड़ियों बैठाकर वह कायना शेड से आगे चल पड़ता है। लेकिन एक मोड़ क्रास करके गाड़ी सड़क से बाहर हो जाती है।

कार में सवार सभी लोग हादसे का शिकार हो जाते है। इस हादसे में तीन व्यस्क समेत एक बच्चे की मौत हो जाती है। जबकि दो बच्चे और दो व्यस्क घायल हो जाते है।

स्थानीय निवासी देवेंद्र का कहना है कि वह सभी बनूटी से दीदूघाटी तक आए थे। यहां से काव्या के चाचू देवेंद्र कार लेकर घर की ओर जा रहे थे। कायना के पास उन्हें यह सभी लोग मिले और उन्हें गाड़ी में बैठाकर घर की ओर जाने लग गए। लेकिन चंद मीटर की दूरी पर ही गाड़ी सड़क से बाहर हो गई।

गायत्री अपने पीछे छोड़ गई दो बेटियां और एक बेटा
कार हादसे में गायत्री अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटे को दुनियां में छोड़कर विदा हो गई है। जबकि चालक देेवेंद्र की अभी तक शादी ही नहीं हुई थी।
विज्ञापन

लोनिवि की लापरवाही से चली गई चार जानें

बनूटी-पाहल सड़क की हालत बेहद खस्ता है। यहां सड़क के किनारे अधिकांश जगह पर पैराफिट तक नहीं लगे हैं। कई हादसे इस सड़क पर हो चुके हैं लेकिन लोक निर्माण विभाग की नींद नहीं टूटी। अगर सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगे होते तो शायद जानें बच जातीं।

कई बार स्थानीय लोगों ने पैराफिट और क्रैश बैरियर लगाने की मांग की गई लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। ग्राम पंचायत नेरी के पूर्व उपप्रधान राजेंद्र ठाकुर और पूर्व में युवक मंडल के प्रधान भीम सिंह वर्मा ने कहा कि लोक निर्माण  विभाग इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहा।  इस रूट पर एचआरटीसी विभाग की बसों की सुविधा भी कम है। 

आईजीएमसी पहुंचे भारद्वाज
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कायना के पास हुए सड़क हादसे पर शोक जताया है। शिक्षा मंत्री ने आईजीएमसी में भर्ती घायलों का हाल जाना। चिकित्सकों और अधिकारियों को घायलों के उपचार के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए। शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भी कायना के पास हुए सड़क हादसे पर शोक जताया है

मृतकों को 10-10, घायलों को 5-5 हजार
उपमंडलाधिकारी शिमला ग्रामीण अनिल शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार रुपये और घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें