मंडी में हुए हादसे में भी मारुति वैन में सवार कर्मचारी की मौत हो गई है।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के जिला कांगड़ा के बरोट के कोठीकोहड़ के पास गलीस्थान पर एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि तीन लोग घायल हैं। घायलों में एक बच्ची भी शामिल है। इन सभी का इलाज बैजनाथ अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी कोठी कोहड़ में एक शादी समारोह में भाग लेने आए थे।
मृतकों की पहचान सोमा देवी (50) पत्नी किशोर कुमार निवासी गुनेहड़, रीना देवी (28) पत्नी राजेश निवासी गुनेहड़ और गोपाल सिंह (43) निवासी गुनेहड़ के रूप में हुई है। घायलों में राजेश कुमार (54), किशोरी लाल (44) और अराध्या दो साल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को बैजनाथ अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जैसे ही हादसे का पता चला तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को बाहर निकाला। पुलिस को भी सूचित किया। घायलों को इलाज के लिए पीएचसी बरोट लाया गया, जहां से उन्हें उपचार के लिए बैजनाथ अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीएचसी बरोट के प्रभारी डॉ. अंकुश और विनय ने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मारूति वैन गहरी खाई में गिरी, कर्मचारी की मौत
हादसे में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र दलेड़ में कार्यरत सफाई कर्मचारी की मौत हो गई।
मंडी के लडभड़ोल क्षेत्र की दलेड़ पंचायत के पस्सड़ मोड़ के पास सोमवार सुबह मारूति वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी। हादसे में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र दलेड़ में कार्यरत सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को लडभड़ोल से पस्सड़ की ओर जा रही मारूति वैन एचपी 01एम-0597 अनियंत्रित होकर करीब चार सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वैन चालक गोविंद राम पुत्र रतन चंद निवासी दलेड़ की मौत हो गई।
गोविंद राम आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र दलेड़ में सफाई कर्मचारी तैनात था। दुर्घटना का पता लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने गोविंद राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लडभड़ोल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोविंद राम अपने पीछे पत्नी व एक बेटा व बेटी को छोड़ गया।
चंबा में खाई में लुढ़की कार एक की मौत, दो घायल
चंबा हादसे में घायल हुआ व्यक्ति
- फोटो : अमर उजाला
चंबा कोटि वाया राजनगर मार्ग पर रविवार देर शाम एक कार गहरी खाई लुढ़क गई जिसमें सवार तीन लोगों में से चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो सवार पिता व पुत्र को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में दाखिल करवाया गया है।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब कार चालक सुरेंद्र कुमार (38) पुत्र बरड़ू राम निवासी गांव पलेही अपने रिश्तेदार देश राज पुत्र बजीरू राम और राकेश (23) के साथ कांगड़ा से वापस लौट रहे थे। जैसे ही कार चंबा कोटि वाया राजनगर मार्ग में कोहाल पर पहुंची, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़क गया। जिसमें चालक सुरेंद्र की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे में घायल देशराज ने बताया कि जब उन्हें होश आया तो उन्हें कुछ लोग हादसे वाली जगह से निकाल कर अस्पताल ले जा रहे थे। उधर पुलिस ने मामले की सूचना पाकर घायलों के बयान लेकर घटनास्थल का भी जायजा लिया है।