शिमला और किन्नौर की संस्कृति के कराए दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। पहाड़ों की खूबसूरती, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक वास्तुकला कैनवास में जीवंत हो उठी है। गेयटी के टेवरन हॉल में मंगलवार को शुरू हुई तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी में कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
10 से 12 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में हिमाचल, विशेषकर शिमला और किन्नौर के प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ी जनजीवन तथा ऐतिहासिक धरोहरों को रंगों के माध्यम से प्रदर्शित किया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन डीडीयू अस्पताल शिमला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा (रॉकी) ने किया। प्रदर्शनी में एएसपी सुनील नेगी, जसवीर राम और ऋचा महाजन द्वारा बनाए गए चित्र प्रदर्शित किए हैं। कलाकारों ने अपनी कल्पनाशीलता से पहाड़ों के मनोरम दृश्य, पारंपरिक भवन, शिमला की ऐतिहासिक गलियां, प्रकृति और आम जनजीवन को खूबसूरती से कैनवास पर उकेरा है। हर चित्र हिमाचल की संस्कृति और पहाड़ों की आत्मीयता को बयां करता नजर आता है।
चित्रों की कीमत 1,500 रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक रखी है। सबसे महंगा चित्र शिमला के रिज मैदान का है, जिसमें ऐतिहासिक क्राइस्ट चर्च को दर्शाया है। आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शनी का उद्देश्य कला के माध्यम से हिमाचल की विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कला प्रेमियों, विद्यार्थियों, पर्यटकों और आम लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।