हिमाचल के डिप्टी कमांडेंट अविनाश नेगी के नेतृत्व में आठ सदस्यीय पर्वतारोहण दल ने एवरेस्ट फतह किया है। स्वच्छ हिमालय ग्लेशियर अभियान के तहत बीएसएफ के दल को खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर (रिटायर्ड) ने 20 मार्च को फ्लैग ऑफ किया था। 21 मई को इस टीम ने एवरेस्ट फतह किया।
उसके बाद बेस कैंप में स्वच्छता अभियान चलाया गया। बीएसएफ माउंट एवरेस्ट टीम का नेतृत्व पद्मश्री लवराज सिंह धर्मसत्तु और दूसरी टीम का डिप्टी कमांडेंट बीएसएफ अविनाश नेगी ने किया। अविनाश नेगी राजधानी शिमला से हैं। 25 पर्वतारोही और सहायक स्टाफ की टीम में सात हिमाचल के सदस्य हैं।
अविनाश ने बताया कि मिशन एवरेस्ट 2018 भी स्वच्छ हिमालय के स्वच्छ ग्लेशियर अभियान से जुड़ा हुआ है। टीम का उद्देश्य आधार शिविर और शिविर संख्या चार के बीच 1000 किलो से अधिक एकत्र करना रहा। कचरे को उचित निपटान के लिए काठमांडू लाया गया। टीम ने पर्वतारोहण समुदाय और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।