शिमला में टालैंड़ के समीप चल रहे मैटलींग के कार्य के कारण लगा ट्रैफिक जाम । जिसके कारण लोगों को पर?
शिमला। राजधानी शिमला में शनिवार का दिन ट्रैफिक जाम के नाम रहा। शहर में वाहनों की आमद बढ़ने से सड़कें जाम हो गईं। शनिवार को वीकेंड के चलते भारी संख्या में टूरिस्ट वाहन शिमला पहुंचे। समागम के लिए भारी संख्या में संत निरंकारी मिशन के अनुयायी भी शिमला पहुंचे। शहर के निजी स्कूलों में पीटीएम (पेरेंट्स टीचर मीटिंग) के कारण सड़कों पर अभिभावकों के वाहन पार्क होने और टारिंग के चलते पूरे दिन सड़कों पर ट्रैफिक जाम रहा।
सेंट एडवर्ड स्कूल में पीटीएम के चलते सुबह नौ बजे से टिंबर हाउस से हिमलैंड तक सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम की समस्या पेश आई, हालांकि पुलिस कर्मियों ने बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के चालान भी किए। दस बजे टिंबर हाउस से बैम्लोई की ओर सड़क की टारिंग शुरू हुई जिसके कारण ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।
इस दौरान वाहनों की कतार ओल्ड बस स्टैंड से टालैंड तक पहुंच गई। सर्कुलर रोड पर जाम के कारण बाईपास सड़क पर भी ट्रैफिक बढ़ने से जाम लग गया। ताराहाल में पीटीएम के चलते सड़क किनारे वाहन पार्क होने से विक्ट्री टनल से लक्कड़ बाजार बस स्टैंड तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। उधर बीसीएस मैहली पंथाघाटी सड़क पर खलीनी में ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।