अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के एसडीए परिसर कसुम्पटी में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत निर्माणाधीन पार्किंग में अब एक और मंजिल तैयार
की जाएगी।
नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने लोक निर्माण विभाग को इस बारे में निर्देश दे दिए हैं। करीब 17 करोड़ रुपये से बन रही वर्तमान पार्किंग में 250 वाहनों को पार्क करने की सुविधा मिलनी है। बुधवार को अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे महापौर ने कहा कि पार्किंग में एक और मंजिल बनने से 80 से 100 वाहनों को और सुविधा मिल जाएगी। ऐसा करने से एनएच पर बन रही इस पार्किंग की ऊपरी मंजिल एसडीए सड़क से भी जुड़ जाएगी। इससे दोनों सड़कों से इस पार्किंग में प्रवेश हो सकेगा। महापौर ने ऑकलैंड, आईजीएमसी, डेंटल कॉलेज के पास बन रही पार्किंग का भी जायजा लिया। सभी पार्किंग का काम अगले साल अप्रैल तक पूरा करने को कहा गया है।
आईजीएमसी में अब नहीं रहेगा पार्किंग का संकट
आईजीएमसी अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को अब पार्किंग की समस्या नहीं सताएगी। यहां तीन बड़ी पार्किंग बन रही हैं जिनमें 1200 से ज्यादा वाहनों को पार्क करने की सुविधा मिलेगी। महापौर ने कहा कि अगले साल से लोगों को सड़क पर गाड़ी पार्क नहीं करनी पड़ेगी। महापौर ने कहा कि अब हर 15 दिन में पार्किंग के निर्माण की समीक्षा की जाएगी।