भुक्की के साथ कैंटर चालक गिरफ्तार
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बाथू में हरोली पुलिस ने गुरुवार रात कैंटर में छिपाकर ले जाई जा रही नशे की खेप बरामद की है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कैंटर में 108.900 किलो भुक्की छिपाकर ले जाई जा रही थी। खेप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पता लगा रही है कि खेप कहां से लाई गई थी और कहां ले जाई जा रही थी। हरोली पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए गांव बाथू में वीरवार रात नाके के दौरान चेकिंग के लिए एक कैंटर को रोका। जांच में कैंटर के डाले से चार बोरियों में छिपाकर ले लाई जा रही 108 किलो भुक्की को बरामद किया है। हर बोरी में करीब 27 किलो भुक्की थी। पुलिस ने कैंटर व भुक्की को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले में ट्रक चालक सूरज प्रकाश निवासी सिंगा तहसील हरोली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी। आरोपी से यह पता लगाया जाएगा कि भुक्की की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई है और इलाके में किन व्यक्तियों को दी जानी थी। डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी है। 100 ग्राम चिट्टा व 111 किलो भुक्की अब तक बरामद की जा चुकी है। नशे का कारोबार करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ 10 केस दर्जकर किए गए हैं। 14 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं, पुलिस ने अब तक करीब 100 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया है।
पंडोगा में 200 क्विंटल प्रतिबंधित लकड़ी पकड़ी, ट्रक में ले जा रहे थे पंजाब
वन विभाग ने शुक्रवार सुबह पंडोगा चेकपोस्ट पर प्रतिबंधित लकड़ी से भरे दो ट्रक पकड़े। ट्रक में करीब 200 क्विंटल लकड़ी थी। विभाग ने ट्रक और लकड़ी जब्त कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग अब पता लगाने में जुट गया है कि प्रतिबंधित लकड़ी कहां से काटी गई है और कहां ले जाई जा रही थी। लकड़ी मंडी के सरकाघाट और सुंदरनगर से पंजाब ले जाई जा रही थी। वन विभाग लकड़ी के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसके लिए विभाग ने विभिन्न टीमों का गठन किया है। ये टीमें जिले भर में कार्रवाई कर रही हैं। शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे पंडोगा चेक पोस्ट पर वन विभाग के टीम ने दो ट्रकों को लकड़ी के साथ जब्त किया है। इस मामले में जिला मंडी के वन विभाग से भी रिपोर्ट तलब की है। बता दें कि विभाग की आरओ की टीम ने शुक्रवार सुबह पंडोगा चेक पोस्ट पर नाका लगाया था। इस दौरान जिला मंडी के दो ट्रक चेक पोस्ट पर पहुंचे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जब जांच पड़ताल की तो ट्रक में 200 क्विंटल प्रतिबंधित लकड़ी पाई गई। ट्रक चालक लकड़ी से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। इस दौरान आरओ राहुल ठाकुर, डिप्टी रेंजर शक्ति चंद, वन रक्षक राजेेंद्र कुमार, मोहित कुमार व शुभम आदि मौजूद रहे।