यूजीसी ने देश के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अर्बन प्लानिंग कोर्स शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को अब शैक्षणिक ढांचे में शामिल किया जाएगा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने देश के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अर्बन प्लानिंग कोर्स शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को जारी आदेशों में इस कोर्स को देश के आर्थिक विकास में जरूरी बताया गया है। यूजीसी के सचिव प्रो. जसपाल एस संधू ने यूजी और पीजी स्तर पर अर्बन प्लानिंग कोर्र्स शुरू करने के आदेश दिए हैं।
आदेशों में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने देश भर में स्मार्ट सिटी मिशन शुरू किया है। इसके तहत देश के 500 शहरों को विकसित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के इस मिशन को सफल बनाने और शहरों का चरणबद्ध और आधुनिक तरीके से विकास करने के लिए अर्बन प्लानिंग विषय को शिक्षा के साथ जोड़ना जरूरी हो गया है। इस कोर्स के करने से जहां हजारों युवाओं का विकास होगा वहीं उन्हें रोजगार प्राप्ति में भी आसानी होगी।