मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में बनाए जाने वाले प्रदेश के पहले क्लस्टर विश्वविद्यालय को जारी 27 करोड़ की पहली किस्त केंद्र सरकार वापस ले सकती है। केंद्र ने सितंबर महीने तक रूसा वन के तहत जारी की गई राशि को खर्च करने का अल्टीमेटम दिया है।
वीरवार को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रदेश सरकार को इस बाबत चेताया है। हिमाचल की ओर से रूसा की स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर उमा वर्मा और कोआर्डिनेटर गोपाल संधाईक वीडियो कांफ्रेंस के दौरान मौजूद रहे।
एक साल पहले केंद्र सरकार ने क्लस्टर विश्वविद्यालय के लिए 27 करोड़ का बजट जारी किया था लेकिन अभी तक निर्माण कार्य के टेंडर तक जारी नहीं हुए हैं। शिक्षा निदेशालय की ओर से इस राशि को संबंधित कॉलेजों को दे दिया गया है। संबंधित कॉलेजों ने लोक निर्माण विभाग को राशि जारी की है लेकिन लोक निर्माण विभाग ने अभी तक टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं की है।
विभागीय लापरवाही के चलते अब इस बजट के लैप्स होने का खतरा बन गया है। वीरवार को वीडियो कांफ्रेंस के दौरान केंद्रीय सचिव ने इस बजट को खर्च करने के लिए राज्य सरकार को सितंबर तक की मोहलत दी है। इसके अलावा अन्य कॉलेजों को भी रूसा वन के तहत जारी बजट भी खर्च करने के आदेश दिए हैं।
क्लस्टर विश्वविद्यालय के तहत मंडी कॉलेज को लीड कॉलेज बनाया गया है। मंडी के अलावा सुंदरनगर, द्रंग और बासा कॉलेज को शामिल किया गया है। इन चारों कॉलेजों में विभिन्न नए कोर्स शुरू किए जाने हैं। मंडी को 16 करोड़ और द्रंग व बासा कॉलेज को साढ़े पांच-साढ़े पांच करोड़ रुपये जारी हुए हैं।
चंबा के मॉडल कॉलेज का जुलाई में होगा शुभारंभ- जिला चंबा के लिल्ह कोठी में बनाए जाने वाले मॉडल कॉलेज का जुलाई महीने में ऑनलाइन शुभारंभ होगा। वीडियो कांफ्रेंस के दौरान केंद्रीय सचिव ने मॉडल कॉलेज से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी करने के आदेश दिए। मॉडल कॉलेज बनाए जाने वाले लिल्ह कोठी कॉलेज में सभी संकाय की कक्षाएं शुरू की जानी हैं। इसके अलावा बड़ा परिसर तैयार किया जाना है।