प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि 10 कोर्स ऐसे हैं, जिसमें निर्धारित सीटों से कम आवेदन आए हैं। इनके लिए आवेदकों के स्नातक में प्राप्त अंक के आधार पर मेरिट जारी कर दी गई है। यहां मेरिट के आधार पर प्रवेश होंगे।
एमए फ्रेंच में एक भी आवेदन नहीं आए। मास कॉम साइंस टेक्नोलॉजी में 14 आवेदन आए हैं, जल्द ही यहां प्रवेश पर निर्णय होगा। उन्होंने कहा कि जिन स्ववित्तपोषित कोर्सों में 40 फीसदी से कम आवेदन आए हैं वहां प्रवेश नहीं होंगे।
प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया कैशलेश होगी। प्रवेश शुल्क काउंसलिंग के समय डेबिट-क्रेडिट कार्ड के माध्यम से जमा किया जाएगा। विद्यार्थी यह देख लें कि फीस जमा करने के लिए उनके पास वैलिड कार्ड होना चाहिए।
प्रवेश समन्वयक ने बताया कि प्रवेश काउंसलिंग ऑनकैंपस ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। इसके तहत मेरिट के अभ्यर्थियों को पहले विभाग में रिपोर्ट करना होगा। यहां उनका डाक्यूमेंट वेरीफिकेशन होगा। इसके बाद सीट अलॉट होगी।
विद्यार्थियों को फीस जमा करने के लिए एक निर्धारित स्थान पर जाना होगा। फीस ऑनलाइन जमा होगी। यहां उनकी बायोमेट्रिक अटेंडेंस होगी और रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा, जो उन्होंने प्रवेश के समय दिया होगा। इसके बाद अलॉटमेंट जारी होगा। इस प्रक्रिया के पूरी होने के बाद प्रवेश पूर्ण होगा।