हिमाचल प्रदेश सचिवालय में फ्राश कम चौकीदार के 85 पदों के लिए हुए इंटरव्यू का परिणाम सचिवालय प्रशासन ने जारी कर दिया है। भर्ती बोर्ड द्वारा बनाए गए रिजल्ट में 85 पदों के लिए करीब 22 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। हालांकि इंटरव्यू के दौरान साढ़े बाहर हजार ही पहुंचे थे।
करीब छह महीने की मशक्कत के बाद हर कानूनी पहलू पर विचार करने के बाद कई बार रिजल्ट को रिव्यू किया था। इस दौरान एक बार सरकार द्वारा रिजल्ट में कमियां होने की वजह से उसे वापस किया गया। रिजल्ट बनने की कवायद के बीच ही भर्ती निरस्त होने की भी अफवाहें भी उड़ने लगीं।
हालांकि एसएडी ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया था। सचिव सचिवालय प्रशासन मोहन चौहान ने बताया कि रिजल्ट बनने के बाद इसमें किसी भी तरह की कमी न रखने के लिए ही कई बार रिव्यू किया गया जिसके बाद अब रिजल्ट जारी कर दिया गया है। चौहान ने बताया कि रिजल्ट की जानकारी सचिवालय से ली जा सकती है।
पीजी, पीएचडी तक ने किया था आवेदन
दसवीं पास की शैक्षणिक योग्यता वाले सचिवालय के फ्राश कम चौकीदारों के 85 पदों की भर्ती में पोस्ट ग्रेजुएट से लेकर पीएचडी तक की डिग्री वाले आवेदकों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया को सिर्फ इंटरव्यू आधारित रखा गया था लेकिन 85 सीटों पर इंटरव्यू देने के लिए हजारों की संख्या में आवेदक पहुंच गए।