शिक्षा विभाग के हर घर पाठशाला कार्यक्रम में 26 सितंबर से सरकारी स्कूलों के कक्षा नौवीं से जमा दो के विद्यार्थियों के लिए भी व्हाट्सएप के माध्यम से क्विज शुरू होगी। सभी बच्चों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई और मूल्यांकन का मौका मिलेगा। पिछले तीन महीने से यह क्विज कक्षा पहली से आठवीं के छात्रों के लिए करवाई जा रही थी। बीते सप्ताह कक्षा पहली से आठवीं के ढाई लाख छात्रों ने इसमें हिस्सा लिया।
इस सप्ताह के क्विज से एक नई सुविधा जोड़ी जाएगी। जहां छात्रों को क्विज पूरी होने के तुरंत बाद सुधारात्मक सामग्री प्राप्त होगी। इसमें उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिनमें सुधार की आवश्यकता है। यह सामग्री क्विज में छात्रों के प्रदर्शन पर आधारित होगी। क्विज के अंत में उत्तर कुंजी भेजी जाएगी। इससे छात्र अपने प्रदर्शन का आकलन कर सकते हैं और अपने कमजोर क्षेत्रों में सुधार के लिए सामग्री का उपयोग कर सकते हैं।