कोरोना का असर पीयू के कुछ विभागों के कोर्सेज पर पड़ा है। इस बार चाइनीज व तिब्बती भाषा सीखने के लिए कुछ ही विद्यार्थी आए। पीयू ने विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है ताकि वह दाखिला ले सकें और पीयू की सीटें भी भर सकें। पीयू की वेबसाइट पर जाकर विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। वहां फीस व लेट फीस की भी जानकारी दी गई है।
पीयू में हर साल किसी न किसी कोर्स में सीटें खाली रह जाती हैं। पिछले साल भी 300 से अधिक सीटें विभिन्न कोर्सेज में खाली थीं। इन सीटों को भरने के लिए बैठक आयोजित की गई और सभी विभागों के अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई कि वह अपने स्तर से प्रयास करें। सीटें भरी जाएं ताकि पीयू को आर्थिक नुकसान भी न हो।
कई माह तक पीयू के शिक्षकों व अधिकारियों ने प्रयास किए, लेकिन सीटें नहीं भर पाईं। इस बार कोरोना आ गया। इस कारण चाइनीज व अन्य भाषा कोर्सेज में सीटें खाली रह गई हैं। हालांकि पीयू सितंबर में इन सीटों को भरने का दावा कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि हो सकता है पीयू ऑनलाइन की बजाय ऑफलाइन भी आवेदन ले, लेकिन यह उन कोर्सेज के लिए होगा, जहां सीटें अधिक खाली होंगी। हालांकि इसके लिए पीयू कमेटी बनाएगी और उसके बाद ही निर्णय लिया जाएगा।