इसके बाद पुलिस कर्मियों और नवोदय विद्यालय स्टाफ सदस्यों की निगरानी में दोनों सेंटरों के पेपरों में अदला-बदली की गई। सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा दोपहर 1:23 बजे शुरू हो पाई। इस दौरान अंब स्कूल में बच्चों को सेंटर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई।
परीक्षा में देरी के कारण बच्चों को फ्रूट जूस और बिस्कुट खिलाए गए। साथ ही जिन बच्चों के अभिभावक भोजन लाए थे, उन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर ही बच्चों को भोजन करवाने की इजाजत दी गई।
उधर, जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूवेला की प्रधानाचार्य अनूपा ठाकुर ने बताया कि हिंदी माध्यम के पेपर के बंडल के ऊपर अंग्रेजी और अंग्रेजी माध्यम के बंडल पर हिंदी लिखे जाने से दोनो सेंटरों में दिक्कत आई थी।
इस बारे संस्था के चंडीगढ़ कार्यालय और उपायुक्त ऊना को सूचित किया गया था। इसके बाद एसडीएम अंब और तहसीलदार बंगाणा की देखरेख में पेपरों की अदला बदली की गई।
रावमापा अंब में पेपर लीक होने की अफवाह के कारण बच्चों के अभिभावकों में अफरातफरी मच गई। अभिभावक उत्तेजित दिखे, जिन्हें बाद में सारा मामला समझाकर स्कूल प्रबंधन की तरफ से शांत किया गया।
सूचना मिलने पर अंब के तहसीलदार विपन कुमार भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान फौजी वर्दी में आए एक व्यक्ति ने कथित रूप से स्कूल प्रधानाचार्य को परीक्षा में उसके बच्चे की मदद करने को कहा।
प्रधानाचार्य के इंकार के बाद भी उसने फोन पर इस बारे में दबाव बनाया। स्कूल में पेपर लीक की अफवाह के पीछे उक्त व्यक्ति की भूमिका बताई जा रही है। स्कूल प्रधानाचार्य असीम धीमान ने बताया कि उन्होंने उक्त व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है।