हिमाचल पथ परिवहन निगम में टीएमपीए के 1300 पदों को भरने के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार ने पिछले महीने लिखित परीक्षा ली। इसमें 3816 पास हुए।
पास परीक्षार्थियों के दस्तावेजों का पुनर्मूल्यांकन भी हो गया था। लेकिन, अब सत्ता परिवर्तन होने पर भाजपा सरकार ने टीएमपीए के परिणाम को जांच के लिए रोक दिया। इससे परीक्षार्थी मायूस हैं।
परीक्षा पास करने वाले कुलवीर सिंह, दिलबाग सिंह, शानू, सुनील दत्त, राज कुमार, हरनेक सिंह, राजू, सुरेश, अमरजीत, बंटी, रंजन, गोल्डी, आशीष और अमित पठानिया ने कहा कि नई बनी भाजपा सरकार ने टीएमपीए के परीक्षा परिणाम को जांच के लिए रोक कर टेस्ट पास करने वाले युवाओं के साथ छलावा किया है।
प्रदेश सरकार को अगर संशय है, तो जल्द इसकी जांच करवाकर परिणाम को घोषित किया जाए, जिससे टेस्ट पास करने के बाद रोजगार की राह ताक रहे युवाओं के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो सके।
लिखित परीक्षा पास करने वाले युवाओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग लगाई है कि टीएमपीए भर्ती के अंतिम परिणाम को जांच करवाकर अतिशीघ्र घोषित किया जाए।