हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय जल्द पुलिस प्रशासन में स्नताकोत्तर डिग्री कोर्स शुरू करने जा रहा है। इस कोर्स के तैयार सिलेबस को मंगलवार को विवि में हुई एकेडमिक काउंसिल की स्टैंडिंग कमेटी से मंजूरी भी मिल चुकी है। विश्वविद्यालय इसी सत्र से इस नए कोर्स को शुरू करने की पूरी तैयारी में है। कोर्स पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह में शुरू किया जाना है।
इस कोर्स में कुल तीस सीटें होंगी, जिसमें दस सीटें ओपन नानसब्सिडाइज्ड कोटे से भरी जाएंगी, जबकि दस सीटें पुलिस विभाग के कर्मियों और दस सीटें पैरामिलिट्री फोर्स के लिए आरक्षित रहेंगी। नान सब्सिडाइज्ड सीटों की प्रति सेमेस्टर फीस करीब दस हजार रहेगी, पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों/कर्मचारियों के लिए विवि अलग से फीस स्ट्रक्चर तय करेगा।
अब कोर्स को अंतिम मंजूरी ईसी से दिलवाई जानी बाकी है। विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग के बोर्ड आफ स्टडीज ने सिलेबस का प्रारूप तैयार किया है। यह कोर्स विवि के सोशल साइंस फैकल्टी के तहत चलाया जाना है, जिसे डिग्री भी इसी फैकल्टी के तहत दी जाएगी।