हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की दस मार्च को होने वाली पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए विवि ने ऑनलाइन एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अधिष्ठाता अध्ययन की ओर से जारी बयान में कहा गया है दस मार्च को सत्र 2020-21 के लिए पीएचडी कोर्स में प्रवेश के लिए परीक्षा होगी। जिन अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, उनके एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी विवि के एडमिशन पोर्टल और अपने लॉगइन आईडी से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
एमए-एमएससी मैथ, एमफिल बॉटनी, जूलॉजी का परिणाम घोषित
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एमए, एमएससी मैथ का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इसे विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है। एमफिल बॉटनी, जूलॉजी का परिणाम भी घोषित कर दिया है। एमएससी माइक्रोबायोलॉजी की 15 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाओं की डेटशीट भी जारी की है। इसे विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है। विवि ने एमफिल अर्थशास्त्र की काउंसलिंग नौ मार्च, एमफिल योग और एमकॉम की काउंसलिंग दस मार्च, जबकि संस्कृत की काउंसलिंग नौ मार्च को विभागों में करवाने की अधिसूचना भी जारी कर दी है।
छात्रावास की आठ मार्च तक जमा करवानी होगी फीस
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में साइंस के पीजी कोर्स में प्रवेश लेने वाले जिन छात्रों को छात्रावास आवंटित किए गए हैं, उन्हें तय फीस को जमा करवाने के लिए आठ मार्च अंतिम तिथि तय की गई है। तय तिथि तक फीस जमा न करवाने वाले छात्रों को छात्रावास नहीं मिलेगा, उनकी जगह मेरिट आधार पर अगले छात्र-छात्राओं को छात्रावास का आवंटन कर दिया जाएगा।