हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने साल में दो बार शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) करवाने की अधिसूचना बिना तैयारियों से जारी कर दी। पहले दिन अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर नवंबर में प्रस्तावित टेट का लिंक ढूंढते रहे, लेकिन वेबसाइट पर जून टेट की ही डिटेल दिखाई दे रहे थी।
बोर्ड ने 18 सितंबर को नवंबर-2019 टेट की अधिसूचना जारी की। इसमें ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया 19 सितंबर से शुरू है, लेकिन अभी तक स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर न इसकी अधिसूचना अपडेट की है, न ही ऑनलाइन आवेदन करने का लिंक डाला है।
इस कारण पहले दिन किसी अभ्यर्थी ने आवेदन नहीं किया है। ऐसे में अभ्यर्थी बोर्ड की कार्य प्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। टेट के लिए पात्र अभ्यर्थी रमेश कुमार, दयावंती देवी, विनोद कुमार, अतुल कुमार, रविंद्र सिंह और भरत सिंह ने कहा कि बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने बारे कोई लिंक नहीं है।
उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव धर्मेश रामोत्रा ने कहा कि नवंबर टेट की अधिसूचना जारी कर दी गई है। तकनीक कारणों से ऑनलाइन आवेदन करने का लिंक वेबसाइट पर नहीं डाला गया है। जल्द ही वेबसाइट पर लिंक अपडेट किया जाएगा।
नवंबर टेट का शेड्यूल
बोर्ड ने आठ विषयों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) का शेडयूल जारी किया है। अभ्यर्थी 19 सितंबर से नौ अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से बाद 10 अक्तूबर तक फीस जमा करवा सकते हैं। 10 से 15 अक्तूबर तक 300 रुपए लेट फीस के साथ आवेदन लिए जाएंगे।