बजट का हिसाब-किताब नहीं देने वाले कॉलेजों को उच्च शिक्षा निदेशालय ने नोटिस जारी कर दिए हैं। निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने जेम पोर्टल पर जानकारी नहीं देने पर संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। जेम पोर्टल पर 103 कॉलेजों की आईडी इनएक्टिव पाई गई है, जबकि 37 कॉलेज पोर्टल पर पंजीकृत ही नहीं हुए हैं। निदेशक ने सभी कॉलेजों को इस मामले को गंभीरता से लेने के आदेश दिए हैं।
जेम पोर्टल पर कॉलेजों को दिए गए बजट से संबंधित जानकारी साझी की जाती है। बजट कब प्राप्त हुआ है। बजट को किस तरह से खर्च किया जाएगा। इसकी जानकारी जेम पोर्टल पर डाली जाती है। निदेशालय की बजट एंड अकाउंट ब्रांच इस पोर्टल का संचालन करती है। कॉलेजों को पंजीकरण करवाने के बाद एक लॉग इन आईडी दी जाती है। इसके माध्यम से कॉलेज अपने हिसाब-किताब की जानकारी देते हैं।
निदेशालय के मुताबिक 103 कॉलेज जेम पोर्टल पर पंजीकृत तो हैं लेकिन इनकी आईडी इनएक्टिव है। इनके द्वारा किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी जा रही है। इसके अलावा 37 कॉलेज अभी तक पंजीकृत भी नहीं हुए हैं। उच्च शिक्षा निदेशक ने सभी कॉलेजों को जल्द से जल्द जानकारी देने को कहा है। उन्होंने कहा कि आदेशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।