कृषि विवि पालमपुर में बीएससी (ऑनर्स) कृषि और बीवीएससी एवं एएच में प्रवेश के लिए रविवार को प्रदेश के कई केंद्रों में लिखित परीक्षा हुई। इसमें हजारों परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा में कोविड-19 के नियमों का पूरा पालन किया गया। सामान्य तापमान की तुलना में थोड़ा अधिक शरीर के तापमान वाले कुछ उम्मीदवारों को एक अलग कमरा आवंटित किया गया था।
परीक्षा से पहले सभी केंद्रों को सैनिटाइज किया गया। बाद में भी केंद्रों को साफ किया गया। जिला कांगड़ा के कई परीक्षा केंद्रों में कृषि विवि के कुलपति प्रो. एचके चौधरी व कुलसचिव पंकज शर्मा ने स्वयं दौरा किया। दोनों ने करीब दो दर्जन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। रविवार को हुई इस परीक्षा में प्रदेश भर में बनाए गए 52 केंद्रों पर 7939 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लिया।
2783 परीक्षार्थी इस परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा के लिए प्रदेश व देश भर से करीब 10722 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। हर बार इस परीक्षा के लिए तेरह से पंद्रह हजार आवेदन आते थे। अब इस परीक्षा के नतीजे के बाद अव्वल रहे छात्रों को योग्यता के आधार पर कृषि विवि में कृषि व वेटरनरी में प्रवेश मिलेगा। कृषि विवि के संयुक्त सचिव डॉ. हृदयपाल सिंह ने कहा कि रविवार को प्रदेश भर में यह परीक्षा करवाई गई।