हिमाचल के जिला चंबा के बेरोजगार युवकों के पास प्राइवेट कंपनी में जॉब पाने का सुनहरा मौका है। 18 अप्रैल को जिला मुख्यालय स्थित रोजगार कार्यालय में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान वर्धमान कंपनी करीब 120 युवाओं को रोजगार देगी। कंपनी युवाओं को बतौर हेल्पर कंपनी में नियुक्ति देगी।
जिला रोजगार अधिकारी एसआर कपूर ने बताया कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के मकसद से ही इस तरह के साक्षात्कार का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे 18 अप्रैल को सुबह दस बजे पहुंचकर साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लें। वहीं, साक्षात्कार में भाग लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता पांचवीं से जमा दो रखी गई है।
जबकि आयु सीमा 18 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है। बतौर हेल्पर कंपनी में नियुक्ति मिलने के बाद 6100 रुपये मासिक वेतन, निशुल्क खाना और रहने की व्यवस्था होगी। इसके बाद मासिक वेतन 6400 रुपये कंपनी देगी। जब नियुक्त युवाओं का प्रशिक्षण समाप्त होगा तो सैलरी दस हजार रुपये दी जाएगी। कंपनी 18 अप्रैल को चंबा में कैंपस इंटरव्यू लेने से पहले सुंडला स्थित रोजगार कार्यालय में 17 अप्रैल को युवाओं को नौकरी देगी।