सेना भर्ती निदेशक संजय चावला ने कहा कि विज्ञान तथा कला संकाय से संबंधित हवलदार शिक्षा पद के लिए 21 सितंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा (शिमला) के खेल मैदान में भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें प्रदेश के सभी जिलों के सेना में भर्ती होने के इच्छुक उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। चावला ने कहा कि युवा अपने साथ मूल शैक्षणिक दस्तावेज के साथ उसकी दो फोटो कॉपी अवश्य लाएं।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को हाई स्कूल और उसके बाद के सभी मूल प्रमाण पत्र और प्रत्येक वर्ष की अंक तालिकाओं, मूल निवास, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, अविवाहित प्रमाणपत्र साथ लाना होगा।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, ऑनलाइन प्रवेश पत्र, एफिडेविट, 20 पासपोर्ट आकार की हाल ही में खिंचवाई गई रंगीन फोटो, एनसीसी और खेलकूद प्रमाणपत्रों को भी साथ लाना होगा।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रवेश 21 सितंबर को सुबह 2 बजे होगा। दौड़ के लिए मैदान में प्रवेश समय सुबह 3 बजे से लेकर 6 बजे तक रहेगा।