प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से अप्रैल 2018 में ली गई बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसन एंड सर्जरी (बीएएमएस) की अंतिम वर्ष की वार्षिक परीक्षा में अंकिता नेगी ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। वे किनौर जिले की तरांडा पंचायत के चौरा गांव की रहने वाली हैं।
अंकिता ने वर्ष 2013 में राजीव गांधी गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला में प्रवेश लिया था। वे 2013 में ही मिस हिमाचल प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं और टॉप 20 में स्थान बनाया था। अंकिता नेगी चिकित्सक बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करेंगी।
अंकिता नेगी का कहना है कि वे पिता विशेषर नेगी, माता वीना नेगी एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन से हमेशा आगे बढ़ती रहीं। अंकिता की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल रामपुर और जमा दो की पढ़ाई डीपीएस झाकड़ी से हुई है। वे शुरू से पढ़ाई में अव्वल रही हैं।
अंकिता ने बीएएमएस के अंतिम वर्ष की अप्रैल 2018 में दी थी। उन्होंने इसमें 817 अंक लेकर प्रदेश विवि में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। 819 अंक लेकर एकता रानी प्रथम रही हैं। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ संगीत एवं ट्रैकिंग में भी उनका शौक है।