राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय मामले मंत्री जगत सिंह नेगी ने एचपी शिव परियोजना के अंतर्गत बने मझेड़ कलस्टर का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने करीब साढ़े 14 लाख से बने जल उपभोक्ता सामूहिक भवन का उद्घाटन किया। नेगी ने कहा कि एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत प्रदेश के 7 जिलों में करीब 6000 हेक्टेयर भूमि पर 1300 करोड़ रुपये की लागत से फलों के बगीचे विकसित किए जाएंगे।
इस परियोजना को एडीबी ने मंजूरी दी है। परियोजना को जल्द ही जमीन पर उतरा जाएगा। परियोजना के पहले चरण में साल 2025-26 तक करीब 4000 हेक्टेयर भूमि में पौधरोपण किया जाएगा। दूसरे चरण में वर्ष 2027-28 तक 2000 हेक्टेयर भूमि में पौधारोपण किया जाएगा। इस परियोजना से स्थानीय लोगों की आर्थिकी सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश सरकार ने सेब को केवल किलो के हिसाब से खरीदने पर बल दिया है।
इस निर्णय से हिमाचल के बागवानों को बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि विभाग ने नया पोर्टल को बनाया है। इसमें बागबानों को एक बार रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। बागवानों को किसी भी प्रकार के अनुदान के लिए बार-बार फार्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिवालिक क्षेत्र में बागवानी को प्राथमिकता दे रही है।