शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि भावी शिक्षकों को हिमाचल के दूरदराज क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा जैसे क्षेत्रों में सेवाएं देने की चुनौतियां स्वीकार करने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि नौकरी मिलने के अगले दिन से ही बहुत से शिक्षक घर के नजदीक स्टेशन ढूंढना शुरू कर देते हैं। उनका कहना होता है कि मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं, बूढ़े मां-बाप हैं। ऐसे हालात का तो हर किसी को सामना करना पड़ता है। इस मानसिकता को छोड़ें।
शिक्षा मंत्री धर्मशाला में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षु अध्यापकों की अंतर जिला खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोल रहे थे। कहा कि शिक्षा जगत में सेवारत लोगों में हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कबड्डी में सिरमौरी ही सिरमौर हैं। बेहतरीन खेल दिखाते हुए कबड्डी में लड़कों और लड़कियों दोनों टीमों ने प्रथम स्थान पाया। इसे देखकर लगा कि ग्रेट खली ठीक ही जगह से आए हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीति में तो हर दिन हमारे पास कोई न कोई व्यक्ति अपनी समस्या लेकर रोते-रोते हुए आता है। जब कभी बच्चों के बीच जाने का मौका मिलता है तो उनके खिलखिलाते चेहरे देखकर मन ऊर्जा से भर जाता हैं। विधायक विशाल नैहरिया, समग्र शिक्षा राज्य परियोजना निदेशक डॉ. वीरेंद्र शर्मा, डाइट प्राचार्य विनोद चौधरी, डॉ. सतीश ठाकुर, उच्च शिक्षा उप निदेशक रेखा कपूर, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंदर कुमार, सभी जिलों के जिला परियोजना अधिकारी, डाइट के प्रवक्तागण सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभी से किया ‘द कश्मीर फाइल्स’ देखने का आग्रह
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने धर्मशाला कॉलेज में बैठे सभी लोगों से कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अन्याय पर बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स देखने का आग्रह किया। कहा कि अपने देश के अच्छे-बुरे इतिहास का सभी को ज्ञान होना चाहिए। अगर 30-32 साल पहले पांच से छह लाख कश्मीरी पंडितों को घाटी से निकाल दिया था तो हकीकत के बारे में सभी को मालूम होना चाहिए।
सिरमौर डाइट की टीम बनी ओवरआल विजेता
धर्मशाला में तीन दिवसीय अंतर जिला डाइट खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन हो गया। इसमें शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर मुख्यातिथि थे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। सिरमौर डाइट की टीम ने ओवरआल का खिताब जीता। सिरमौर डाइट की टीम गर्ल्स और ब्वॉयज के वर्ग में कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता रही। गर्ल्स वर्ग में कांगड़ा डाइट और ब्वॉयज वर्ग में बिलासपुर की टीम दूसरे स्थान पर रही।
वॉलीबाल लड़कों में हमीरपुर की टीम पहले और कांगड़ा दूसरे स्थान पर रही। लड़कियों में सोलन की टीम प्रथम रही। सोलो डांस में कुल्लू से आशीष और मंडी के हर्षिता प्रथम। मंडी से निखिल और कुल्लू से अंजलि दूसरे और ऊना से हरदीप व शिमला से सिमरन तीसरे स्थान पर रहे। ग्रुप सांग में डाइट मंडी प्रथम, डाइट धर्मशाला दूसरे और डाइट सोलन तीसरे स्थान पर रहा। लोक नृत्य में डाइट कुल्लू प्रथम, शिमला दूसरे व सोलन तीसरे स्थान पर रहा। रंगोली में कांगड़ा प्रथम, चंबा दूसरे तथा सोलन व शिमला तीसरे स्थान पर रहे। वन एक्ट प्ले में मंडी प्रथम, चंबा दूसरे और ऊना तीसरे स्थान पर रहे।
क्विज में हमीरपुर प्रथम, सोलन द्वितीय और बिलासपुर तृतीय रहे। पेंटिंग में सोलन की आंचल गुप्ता प्रथम, कांगड़ा की बंदना ठाकुर दूसरे व सोलन की भानू गुप्ता व चंबा की प्रियंका तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कियों की डेक्लामेशन में डाइट शिमला की नीलम प्रथम, डाइट सोलन की प्रिया दूसरे और चंबा की उर्वशी तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कों की डेक्लामेशन में डाइट कांगड़ा के आर्यन प्रथम, बिलासपुर के अभिनव दूसरे और चंबा के राहुल तीसरे स्थान पर रहे।