कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग से डीसी सिरमौर की शिकायत की है। आरोप है कि डीसी सिरमौर भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं और उन्हें तत्काल उपायुक्त पद से हटाया जाए। उपचुनाव प्रचार में विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल दूर रहकर पद की गरिमा को बनाए रखें।
बागवानी, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर बेलगाम होकर कार्य कर रहे हैं और चुनाव आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा उप चुनाव प्रचार में बिंदल और महेंद्र दिखाई देंगे तो कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर कड़ा विरोध करेंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दूसरे चरण के प्रचार में नौ से पच्छाद में डेरा डालेंगे। इससे पहले उन्होंने धर्मशाला उप चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बुधवार को राजीव भवन में प्रेस सम्मेलन में कहा कि पच्छाद में पाइपों से भरा ट्रक पकड़ा गया था। शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जयराम सरकार उपचुनाव में हार करीब देखकर घबरा गई है। सरकारी तंत्र का दुरुपयोग हो रहा है। उप चुनावों को देखते हुए गांवों में पाइप पहुंचाए जा रहे हैं। आईपीएच में बैक डोर से जल रक्षकों की तैनाती की जा रही है।