धनतेरस पर हिमाचल के बाजारों में मंगलवार को जमकर धनवर्षा हुई। ऑटोमोबाइल, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार की चमक देखते ही बनी। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए भारी संख्या में ग्राहकों की भीड़ बाजार में उमड़ी।
डिजाइनर बर्तनों की खूब डिमांड रही। हिमाचल में मंगलवार को लगभग सौ करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। राजधानी शिमला में धनतेरस पर 15 से 20 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। लोगों ने जमकर खरीदारी की। बर्तनों, आभूषणों और मिठाइयों की दुकानों में भारी भीड़ रही।
दुकानों में तिल धरने को जगह नहीं थी। जिला सिरमौर में धनतेरस के मौके पर 20 से 21 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। ऑटोमोबाइल,सोना-चांदी के गहने एवं सिक्के, टू व्हीलर, मिठाइयां, स्टील के बर्तन, ड्राई फूड, कपड़ों एवं फर्नीचर की जमकर खरीदारी हुई।
किस जिला में कितना कारोबार
नाहन, पांवटा, कालाअंब, ददाहू, सराहां, राजगढ़, राजपुर, सतौन, शिलाई, नौहराधार, हरिपुरधार, संगड़ाह आदि बाजारी में धनतेरस पर रौनक रही। जिला सोलन में धनतेरस के अवसर पर 18 से 20 करोड़ का कारोबार हुआ। ऊना में धनतेरस पर करीब दस करोड़ का कारोबार हुआ है।
इसमें ज्वेलरी, गाड़ियां, बर्तन सहित इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान शामिल है। चंबा में धनतेरस पर बाजार में खूब रौनक नजर आई। गाड़ियों के शोरूम से लेकर गहनों की दुकानें ग्राहकों से भरी रही। चंबा जिला में तीन करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना जताई जा रही है।
हमीरपुर जिला में धनतेरस के अवसर पर लाखों का कारोबार हुआ। मुख्य बाजार हमीरपुर, सुजानपुर, नादौन, भोरंज, बड़सर, मैहरे और अवाहदेवी, भोटा समेत अन्य छोटे बाजारों में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की।
बिलासपुर जिला में धनतेरस पर सर्र्राफा कारोबारियों ने लाखों रुपये का कारोबार किया। उधर, जिला कांगड़ा में मंगलवार को 25 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। लोगों ने वाहन खरीदने में अधिक दिलचस्पी दिखाई।