मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मंगलवार देर सायं हराबाग में एक निजी बस और हाइवा ट्रक के बीच टक्कर होने से करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों को घटनास्थल से सुंदरनगर के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया।
जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सायं करीब चार बजे हराबाग में धारली से सुंदरनगर को एक निजी बस (एचपी31/बी-3215) आ रही थी।
इसी बीच सामने से आ रहे हाईवा (एचपी31बी-8999) ने बस को सीधी टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भंयकर थी कि वहां पर साथ में एक और हाईवा (एचपी31/सी-3215) और ट्रक (एचपी23/ 3690) भी क्षतिग्रत हो गए।
हादसे में बस में सवार अमर सिंह (37) पुत्र ब्रस्तु राम निवासी आरन कोठी, दयावती (54) पत्नी प्यारे लाल निवासी पुंघ, कला देवी (56) पत्नी डूमणू राम निवासी ढोढल, अक्षय शर्मा निवासी धनोटू (42) और हेम सिंह राव पुत्र निधि सिंह, नेरी चांबी, सविता और मीरा घायल हो गये। घायलों को घटनास्थल से बाद 108 एंबुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में उपचार के लिए लाया गया।
जहां अधिकतर घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे में घायल हुए यात्रियों ने बताया कि अचानक हाइवा सामने से आया और उसने बस को टक्कर मार दी। जिसके कारण यह हादसा हुआ।
उधर, सूचना मिलने पर सुंदरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु करवाया। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि इस हादसे में बस में सवार यात्रियों को मामूली चोटें पहुंची है। इस संबंध में मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।