शिमला। एचआरटीसी प्रबंधन ने लक्कड़ बाजार बस स्टैंड के बुकिंग काउंटर की टाइमिंग में कटौती कर दी है। डबल शिफ्ट के स्थान पर अब यह काउंटर सिंगल शिफ्ट ही चल रहा है। सुबह 4:30 के स्थान पर अब काउंटर 9:00 बजे खुल रहा है। शाम को 7:00 बजे के स्थान पर अब यह काउंटर 4:30 बजे ही बंद किया जा रहा है। काउंटर बंद होने के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लक्कड़ बाजार बस स्टैंड बुकिंग काउंटर बंद होने से यात्रियों के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है। राजधानी शिमला से ऊपरी शिमला ठियोग, कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू, रामपुर, रिकांगपिओ, चौपाल, नेरवा के अलावा करसोग और बसंतपुर रूटों पर सुबह 4:30 बजे से 9:00 बजे के बीच करीब 30 बसें रवाना होती हैं। बुकिंग काउंटर बंद होने के कारण लोगों को बसों में सीटें बुक करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। इतना ही नहीं शाम 4:30 बजे काउंटर बंद होने के कारण इसके बाद ऊपरी शिमला और करसोग रूट पर रवाना होने वाली बसों की भी काउंटर बुकिंग नहीं हो पा रही। काउंटर बंद होने के कारण लोगों को पूछताछ में भी भारी दिक्कत पेश आ रही है। शिमला से बस रूट पर रवाना हुई या नहीं इसकी जानकारी के लिए भी लोग लक्कड़ बाजार बस स्टैंड बुकिंग काउंटर पर फोन कर रहे हैं लेकिन 9:00 बजे से पहले फोन नहीं उठ रहा। ऐसे में दूर दराज क्षेत्रों के लोगों को भी परेशानी से दो-चार होना पड़ रहा है।
इन रूटों की बुकिंग बंद
सुबह - खड़ाहन, कुमारसैन, चेवड़ी, धरोगड़ा, चायल, भुट्टी, नागजुब्बड़, रिकांगपियो 3 बसें, सांगला, काफनू, रामपुर, प्रेमनगर, बसंतपुर, मशौत, टिक्कर, रानवी, कल्पा, रास्त, बाघी, थरोला, रेयोघाटी, पाहल, कुटांगण, शिलगांव, गिलटाड़ी, सोईधार, सोलंग, पहलोग
शाम - घोड़ना, पाहल, दलेऊ, पठानकोट-ठियोग, कोटखाई, माईपुल, करसोग, चेबड़ी सहित अन्य रूट।