मतियाना में पढ़ने वालों को ज्यादा दिक्कत, शाम चार बजे छुट्टी के बाद नहीं मिल पाती बस
शिमला से खंडेला श्यामनगर बस न आने पर छह बजे तक बस अड्डे पर खड़े रहते हैं लोग व बच्चे
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नारकंडा, कंडयाली और शिलारू क्षेत्र में पथ परिवहन निगम की बस नियमित रूप से नहीं आ रही है। इस कारण लोगों और छात्रों को परेशान होना पड़ रहा है। बस के न आने पर छात्र और लोग बस अड्डे पर घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और छात्राओं को होती है जिन्हें घर पहुंचने में देरी हो रही है। इस समस्या के बारे में कई बार स्थानीय लोगों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को बताया, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
बस के नियमित न चलने से मतियाना में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ज्यादा दिक्कतें पेश आ रही हैं। लोगों के अनुसार मतियाना से नारकंडा की ओर शाम 4:00 बजे तारादेवी यूनिट की एक ही बस सेवा है। यह बस शिमला से खंडेला श्यामनगर रूट पर जाती है। कई बार बस रूट पर नहीं जा रही है। इस कारण बच्चों और लोगों को 6:00 बजे तक लंबा इंतजार करना पड़ता है। वहीं कई लोग पैदल जाने को मजबूर हैं। लोगों ने कहा कि अगली बस शाम 6:00 बजे और निजी बस 5:30 बजे मिलती है। वहीं, सर्दियों में अंधेरा भी जल्द हो जाता है। इस कारण बच्चों के परिजनों को चिंता सताती रहती है।
कोट
शिमला से खडेला श्यामनगर बस को नियमित रूप से रूट पर भेजा जाता है। कई बार बस की मरम्मत और कलपुर्जों को लेकर दिक्कत आती है। फिर भी कोशिश की जाती है कि दूसरी बस को रूट पर भेजा जाए ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। लोगों की समस्या पर ध्यान दिया जाएगा। आगामी दिनों में लोगों को दिक्कत नहीं आएगी।
-विनोद शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, तारादेवी यूनिट-एक