एचआरटीसी प्रबंध निदेशक ने किया बस अड्डे और वर्कशॉप का निरीक्षण, दुकानों की नीलामी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश
विज्ञापन
2025 में बने बस अड्डे का अभी तक नहीं हुआ उद्घाटन अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने मंगलवार को ढली बस अड्डे और वर्कशॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दो वर्षों से उद्घाटन का इंतजार कर रहे नवनिर्मित बस अड्डे के लोकार्पण में हो रही देरी के कारणों की अधिकारियों से जानकारी ली।
प्रबंध निदेशक के निरीक्षण के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बस अड्डे को शुरू कर दिया जाएगा। इससे ढली चौक से बसों का संचालन शुरू हो सकेगा और यात्रियों को बसों के इंतजार के लिए उचित स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक शिमला ग्रामीण पंकज ठाकुर और शिमला शहरी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक को बस अड्डे के लोकार्पण तथा दुकानों के आवंटन से जुड़ी अड़चनों को दूर कर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
प्रबंध निदेशक ने ढली स्थित शिमला ग्रामीण और शिमला शहरी डिपो की वर्कशॉप का भी निरीक्षण किया। यहां करीब चार करोड़ से अधिक की लागत से शुरू किए सुधार कार्यों का जायजा लिया और निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज ठाकुर ने बताया कि प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार बस अड्डे की अधिसूचना के लिए उपायुक्त कार्यालय से अनुमति मिलने का इंतजार है। दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर दी जाएगी। इसके बाद यहां से शिमला लोकल और ऊपरी शिमला के लिए बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
13 करोड़ से बना है बस अड्डा
वर्ष 2025 में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस बहुमंजिला बस अड्डे का अब तक उद्घाटन नहीं हो पाया है। बस अड्डे की अधिसूचना उपायुक्त कार्यालय से जारी होनी है। इसके लिए एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से पहले ही आवश्यक दस्तावेज जमा करवाए जा चुके हैं। उपायुक्त कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद ही बस अड्डे का विधिवत संचालन शुरू हो सकेगा। बस अड्डे की दो दुकानों के आवंटन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जबकि शेष 11 दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया निगम जल्द पूरी करने की तैयारी में है। वर्तमान में बस अड्डे के बहुमंजिला भवन की ऊपरी मंजिलों पर क्षेत्रीय प्रबंधक के कार्यालय और अन्य कर्मचारियों के कमरे बनाए हैं। इनमें स्टाफ ने बैठना भी शुरू कर दिया है।
आज बसों में निशुल्क सफर
शिमला। भाई दूज के पर्व पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में महिलाओं को निशुल्क सफर की सुविधा मिलेगी। इसके लिए परिवहन निगम प्रबंधन ने बसों के स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस सुविधा के तहत महिलाएं भाई दूज पर बिना किराया चुकाए बसों में सफर कर सकेंगी। इससे बहनें अपने भाइयों के घर पहुंचकर उनके साथ त्योहार मना सकेंगी और भाइयों को तिलक कर सकेंगी। एचआरटीसी के एमडी ने किया ढली बस अड्डे और वर्कशॉप का निरीक्षण