अमर उजाला ब्यूरो शिमला। शहर के लोअर बाजार में देर रात कुछ शरारती तत्वों ने अचानक सड़क पर पटाखे और आतिशबाजी चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान एक आतिशबाजी पंसारी चौक के पास स्वास्थ्य केंद्र के पास बनी दुकान की छत पर अटक गई। इससे चिंगारियां निकलने लगी।आग लगने के डर से यहां बनी कई दुकानों के कारोबारी बाहर सड़क की ओर भागे।
पटाखे चलाने वाले यहां से भाग गए। छत पर फंसी आतिशबाजी से काफी देर तक चिंगारियां उठती रही जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि कुछ देर बाद यह बुझ गई जिससे कारोबारियों ने राहत की सांस ली। घटना रात करीब 9:00 बजे की है। स्थानीय कारोबारी करनैल सिंह ने बताया कि रात के समय ज्यादातर दुकानदार दुकानें बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान अचानक कुछ युवकों ने सड़क के बीच में पटाखे चलाने शुरू कर दिए। एक आतिशबाजी साथ लगती दुकान की छत पर अटक गई। गनीमत रही कि यह थोड़ी देर में बुझ गई जिससे आगजनी की बड़ी घटना टल गई। बाजार में आगजनी के अंदेशे को देखते हुए यहां पटाखे चलाने पर भी पाबंदी है।