हिमाचल प्रदेश के ऊना के हरोली में बनने वाले बल्क ड्रग पार्क में पहले चरण में 800 एकड़ भूमि पर उत्पादन गतिविधियां शुरू की जाएंगी। उद्योग विभाग ने परियोजना को गति देने के लिए देश-विदेश की प्रमुख फार्मा कंपनियों के साथ संपर्क बढ़ा दिया है और निवेश आकर्षित करने के लिए जल्द ही विशेष इन्वेस्टर मीट करने की तैयारी कर ली है। विभाग का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक पार्क में उत्पादन शुरू करवाना है। प्रदेश के ऊना जिले के हरोली में बनने वाला बल्क ड्रग पार्क 1405 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जाना है। पहले चरण में उन कंपनियों को प्राथमिकता दी जाएगी जो दवा निर्माण से जुड़ी कच्ची सामग्री और सक्रिय औषधीय संघटक (एपीआई), ग्रीन एनर्जी के उत्पादन में निवेश करने की इच्छुक हैं।