सेब बेचने के लिए भट्ठाकुफर फल मंडी आया था ठियोग का युवक
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के ढली थाना के अंतर्गत एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हाेने का मामला सामने आया है। युवक ठियोग क्षेत्र का रहने वाला था और सेब बेचने के लिए भट्ठाकुफर फल मंडी आया था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार रात को भट्ठाकुफर के समीप संपर्क मार्ग पर गुजर रहे लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में देखा। उन्होंने मामले की सूचना ढली पुलिस थाने को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को आईजीएमसी ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान अनिरुद्ध निवासी ठियोग के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के परिजनों को फोन कर सूचित किया। परिजनों के आईजीएमसी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मौत के कारणों की जांच के लिए बिसरा एफएसएल जुन्गा भेजा जा रहा है। पता चला है कि घटना से पहले युवक की मौसी से वीडियोकॉल पर बात भी हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रत्न लाल नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खलीनी में भी होटल के बाहर मिला था युवक का शव
राजधानी शिमला में युवकों की संदिग्ध मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले भी खलीनी में होटल के बाहर एक युवक का शव बरामद हुआ था। युवक घर से इंटरव्यू के लिए पुणे जाने की बात कहकर निकला था। युवक के पास पुलिस ने एक सीरिंज भी बरामद की थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद इस मामले में उसके साथी युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला भी दर्ज किया था। छानबीन में पता चला था कि युवक की तबीयत खराब होने पर उसे युवकों ने होटल के कमरे के बाहर रख दिया था।