इस बार समय पर किताबें पहुंचने से शिक्षा विभाग को परेशान नहीं होना पड़ेगा। वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी। जनजातीय क्षेत्रों में पहली से पांचवीं कक्षा की पुस्तकें समय पर पहुंच जाने से शिक्षा विभाग ने राहत की सांस ली है।
लाहौल के लिए यह पुस्तकें कुल्लू के उपायुक्त के आग्रह और एसडीएम मनाली की सिफारिश पर रोहतांग टनल से होकर भेजी गई हैं। शिक्षा विभाग लाहौल ने केलांग-1, केलांग -2, उदयपुर तीनों ब्लॉकों को सूचित किया है कि अपने अधीनस्थ स्कूलों की पुस्तकें लें।
इन्हें जल्द स्कूलों तक पहुंचाएं। शिक्षा उपनिदेशक लाहौल प्रेमनाथ परशीरा ने कहा कि शिक्षा बोर्ड ने नए सिलेबस की पुस्तकें समय पर जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाकर राहत प्रदान की है।
उन्होंने कुल्लू प्रशासन का रोहतांग टनल के माध्यम से पुस्तकें पहुंचाने पर भी आभार जताया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने कहा कि पहली से आठवीं कक्षा में नए पाठ्यक्रम की पुस्तकें बोर्ड के सभी डिपुओं में पहुंचाने की पुष्टि की है।