बॉलीवुड एक्ट्रेस राइमा सेन का मनाली के सरसेई जंगल में मर्डर हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसीपी अश्वनी दीक्षित का ग्रामीणों ने घेराव कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चौंकिए मत हम रीयल लाइफ नहीं बल्कि रील लाइफ की बात कर रहे हैं। दरअसल मर्डर मिस्ट्री पर आधारित बॉलीवुड मसाला फिल्म वोदका डायरिज की शूटिंग के सिलसिले में यह सीन शुक्रवार को मनाली के सरसेई जंगल में फिल्माया।
सीन के लिए 18 बार रिटेक
शूटिंग सुबह नौ बजे शुरू हो गई। हालांकि राइमा सेन को ठंड लगने के चलते सेट पर गैस हीटर का बंदोबस्त किया गया। वहीं, एसीपी बने केके मेनन इत्मिनान के साथ अपने सीन का इंतजार करते रहे। इस सीन के लिए 18 बार रिटेक किया गया। वहीं, अगला सीन ऐतिहासिक धरोहर गांव नग्गर में फिल्माया गया। जहां केके मेनन को नग्गर कैसल के समीप ट्रैफिक जाम में फंसा हुआ दिखाया गया।
इस महीने रिलीज होगी फिल्म
इस सीन के लिए नग्गर में कुछ देर के लिए यातायात को रोकना भी पड़ा। फिल्म के निदेशक कुशल श्रीवास्तव ने बताया कि फिल्म को चार माह में पूरा कर लिया जाएगा। मई माह में इसे रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के चलते उनके सीन बेहतर बन पाए। इसके लिए उन्होंने एक माह तक यूनिट को मुंबई में रोके रखा।