तत्तापानी-पंधार वाया निहरी मार्ग पर बुधवार शाम को लकड़ी से लाद एक बोलेरो कैंपर किंदर (मंडी) के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कैंपर में सवार चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही करसोग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जनोल से किंदर की ओर आ रहा बोलेरो कैंपर किंदर के समीप अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचित किया। कैंपर में सवार तीन लोगों को गंभीर हालत में खाई से निकाल कर एंबुलेंस से उपचार के लिए सुन्नी अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के दौरान तीन घायलों ने दम तोड़ दिया।