उधर, मनाली के हामटा डैम साइट में नाले में गिरने से लापता एमबीबीएस छात्रा का शव बरामद कर लिया गया है, वहीं लाहौल के उदयपुर में चंद्रभागा नदी में गिरी गाड़ी में सवार मुख्याध्यापक का शव भी 22 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला। सिरमौर में पांवटा साहब के तहत बांगरन गांव के पास गिरि नदी में बने टापू में फंसे 3 साल की बच्ची समेत 6 लोग प्रशासन की रेस्क्यू टीम ने 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाले।
प्रदेश में सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार को भी एक नेशनल हाइवे सहित 110 सड़कों पर यातायात ठप रहा। 266 बिजली ट्रांसफार्मर और 211 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। रोहतांग सहित लाहौल की ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। प्रशासन ने कहा कि शाम चार बजे के बाद लेह जाने वाले सभी वाहनों को लाहौल के जिस्पा के आगे नहीं जाने दिया जाएगा। भूस्खलन की घटनाओं के बीच पर्यटकों के लिए उन सभी अति संवेदनशील स्थानों पर जाने पर रोक है। मुख्यमंत्री ने सभी डीसी और एसपी को इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
आज और कल भारी बारिश का येलो अलर्ट
प्रदेश भर में बुधवार और वीरवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 17 जुलाई को शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। पूरे प्रदेश में 19 जुलाई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।