एचआरटीसी कर्मचारियों के साप्ताहिक अवकाश बहाल होंगे। मंगलवार को होने वाली बीओडी की बैठक में इस फैसले पर सहमति बन सकती है। निगम प्रबंधन ने कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए थे। नाराज संयुक्त समन्वय समिति ने यह मामला परिवहन मंत्री जीएस बाली से उठाया था।
बाली ने फाइल साइन कर साप्ताहिक अवकाश बहाल करने की बात कही है। बीओडी की बैठक में इस फैसले पर अंतिम मुहर लगेगी। एचआरटीसी के करीब 7 हजार कर्मचारी हैं, जिनके करीब 15 लाख साप्ताहिक अवकाश बचे हैं।
कर्मचारी निगम प्रबंधन से या तो साप्ताहिक अवकाश का पैसा या फिर छुट्टियों की मांग कर रहे हैं। संयुक्त समन्वय समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि मंगलवार को होने वाली बीओडी बैठक से कर्मचारियों को ढेरों उम्मीदें हैं।