सुनील उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित संगोष्ठी में राज्यपाल ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। सुनील उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से वीरवार को गेयटी थियेटर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। स्वर्गीय सुनील उपाध्याय के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र व समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। वहीं रक्तदान शिविर का आयोजन रोटरी क्लब शिमला में किया गया। लोगों ने रक्तदान कर मानवता और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध करवाना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
गेयटी थियेटर में आयोजित संगोष्ठी में राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वक्ताओं ने सुनील उपाध्याय के जीवन, व्यक्तित्व, विचारों और राष्ट्र व समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में शिक्षा, राष्ट्र के पुनर्निर्माण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में युवाओं की भूमिका को लेकर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच, सेवा भाव और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री देवदत्त जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमित आर्य ने की। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा और सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव सुरेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।