ब्लॉक कांग्रेस बड़सर की बैठक वीरवार को बिझड़ी विश्राम गृह में हुई। इसकी अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केवल सिंह धीमान ने की। इस दौरान समस्त उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर जीत का परचम फहराने का संकल्प लिया।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कई वर्षों से लोकसभा चुनाव में मिल रही हार के सूखे को खत्म करने के लिए उपस्थित कार्यकर्ताओं से दिन-रात मेहनत कर दूसरी पार्टी के लोगों को अपनी विचारधारा में जोड़ने की कवायद शुरू करने के लिए कहा। इसके अलावा कांग्रेस सरकार की ओर से आपदा के दौरान शुरू की गई योजनाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने का आह्वान किया।
ब्लाॅक अध्यक्ष केवल सिंह ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और पार्टी को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कहा कि कुछ एक लोग विधायक इंद्र दत्त लखनपाल की बढ़ती लोकप्रियता को पचा नहीं पा रहे हैं और उनके विरुद्ध षड्यंत्र रच रहे हैं, ऐसे लोगों के मंसूबे कभी भी पूरे होने वाले नहीं हैं।
कोरोना काल में विधायक ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपने बेटे सहित अर्थी को कंधा देकर श्मशानघाट में व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया। इसके लिए पूर्व राज्यपाल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट कर खूब सराहना की थी। बैठक में कुछ एक वक्ताओं ने कांग्रेस समर्थित प्रधानों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर वायरल हो रही आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरुद्ध जिलाधीश हमीरपुर को पत्र लिखकर कठोर कार्रवाई करने का भी संकल्प लिया।