मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश के चारों नगर निगमों में भाजपा रिकॉर्ड बहुमत से जीत हासिल करेगी। सिर्फ सराज और धर्मपुर में ही विकास करवाने के लगाए जा रहे आरोप तथ्यों से परे हैं। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में एक समान विकास हो रहा है। हाल ही में प्रदेश में करीब 3500 करोड़ की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए हैं। कांग्रेस के पास कोई भी मुद्दा नहीं रह गया है। इसलिए इसके नेता झूठे आरोप लगा अपना राजनीतिक वजूद बचाने में लगे हैं।
बैरी से हमीरपुर को रेल लाइन से जोड़ने को बजट नहीं
भानुपल्ली-बैरी रेलवे लाइन का कार्य भी अब मूर्तरूप लेने जा रहा है। बैरी से हमीरपुर को रेल से जोड़ने की बात कही जा रही है लेकिन इसके लिए भूमि अधिग्रहण का खर्चा बहुत अधिक है और सरकार के पास इसके लिए पर्याप्त बजट नहीं है। नेरचौक एयरपोर्ट के लिए नीति आयोग ने भी 1000 करोड़ देने की अनुशंसा की है। इसको लेकर जो भी औपचारिकताएं है, उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। बीबीएमबी की सरप्लस भूमि वापस हिमाचल सरकार को मिले, इसको लेकर केंद्र सरकार से मामला उठाया गया है।