भाजपा के ‘वीरभद्र हटाओ हिमाचल बचाओ’ अभियान के तहत बुधवार को जोरावर स्टेडियम में आयोजित होने वाली रैली में हिस्सा लेने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं हिमाचल प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने धर्मशाला पहुंचते ही मुख्यमंत्री पर आरोपों की झड़ी लगा दी। मीडिया से रूबरू होकर श्रीकांत ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
प्रदेश से कांग्रेस सरकार का जाना अब तय है। मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोपों में लिप्त हैं। अपने बाद वीरभद्र किसी और को मौका नहीं देना चाहते। ऐसे में उनकी सरकार कभी भी जा सकती है। श्रीकांत ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी पूछा कि आखिरकर वीरभद्र सिंह से क्या डील की है। उन्हें सीएम पद से क्यों नहीं हटाया जा रहा।
श्रीकांत ने कहा कि दो दिसंबर को जोरावर स्टेडियम में भाजपा की रैली के दौरान सीएम वीरभद्र का मुद्दा उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री पर सीबीआई और ईडी ने केस दर्ज किया है। ऐसे में मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। रैली में केंद्रीय मंत्री नड्डा के आने की भी श्रीकांत ने पुष्टि की है। श्रीकांत ने कहा कि कांग्रेस असहिष्णुता पर बात करती है। असहिष्णुता तो कांग्रेस में है। केंद्र सरकार ने हिमाचल को उसका हर हक दिया है।