फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा की समीक्षा बैठक में गरमाएगा ये मुद्दा, बिलासपुर में मंथन आज

Thu, 14 Dec 2017 01:00 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा की बिलासपुर में होने वाली समीक्षा बैठक में कई सीटों पर भितरघात की शिकायतों का मुद्दा गरमाएगा। आधा दर्जन सीटों पर पार्टी बगावत झेल रही है, जबकि दर्जन भर सीटों पर भितरघात के आरोप प्रत्याशी लगा रहे हैं। मंडल स्तर से प्रदेश संगठन को ऐसे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निष्कासित करने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
विज्ञापन


प्रदेश संगठन ने ऐसे मामलों को अनुशासन समिति को भेजने का निर्णय लिया है, लेकिन अभी तक तमाम मामले विचाराधीन है। ऐसे में भितरघात के मामले लगातार तूल पकड़ रहे हैं, जिन्हें अब प्रत्याशी समीक्षा बैठक में भी उठाएंगे।

इसके अलावा बैठक में प्रत्येक विधानसभा सीट पर बूथ स्तर से एकत्रित जानकारी को लेकर समीक्षा की जाएगी। चुनाव नतीजों के बाद बनने वाले सियासी समीकरणों को लेकर भी नेतृत्व आगामी रणनीति तैयार करेगा। केंद्रीय नेतृत्व से मिले दिशा-निर्देशों से भी प्रत्याशियों को अवगत करवाया जाना है।
विज्ञापन


विधानसभा चुनाव परिणाम आने से पहले भाजपा की समीक्षा बैठक अहम मानी जा रही है। 50 प्लस का दावा कर रही पार्टी सभी प्रत्याशियों के साथ मंथन करेगी। मुख्यमंत्री प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रदेश महामंत्री संगठन और अन्य पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय के बैठक में मौजूद रहने की संभावना है।

इस बैठक का मुख्य एजेंडा प्रत्याशियों से फीडबैक बताया जा रहा है, लेकिन लंबे समय से कई सीटों पर भितरघात के लग रहे आरोप प्रत्याशी वरिष्ठ नेताओं के सामने भी उठा सकते हैं।

विधानसभा क्षेत्रों सरकाघाट, कुटलैहड, जोगिंद्रनगर, गगरेट, बल्ह, मंडी सदर, कसौली, नाहन, झंडूता आदि से निष्कासन के प्रस्ताव प्रदेश संगठन को भेजने की बात सामने आई है, जिस पर बैठक में भी चर्चा हो सकती है।

हालांकि प्रदेश संगठन नतीजों से पहले कोई कार्रवाई करने के मूड में नहीं है। ऐसे में आरोप लगाने वाले प्रत्याशियों को नेतृत्व से कार्रवाई का आश्वासन ही मिलने की अधिक उम्मीद है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें