सीबीआई ने पिछले दो दिन में फिर से करीब दो दर्जन लोगों से खून के नमूने जांच को लिए हैं। बार-बार खून के नमूने लेने से माना जा रहा है कि सीबीआई के हाथ अभी गुड़िया हत्या और दुराचार मामले का मुजरिम नहीं आया है। 20 दिसंबर को सीबीआई हिमाचल हाईकोर्ट में गुड़िया मामले की स्टेटस रिपोर्ट सौंपेगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
सीबीआई ने चार महीने की जांच में गुड़िया प्रकरण से संबंधित पुलिस हिरासत में मारे गए सूरज हत्याकांड की गुत्थी तो सुलझा दी है जिसमें नौ पुलिस वाले जेल में बंद हैं। एक सप्ताह से सीबीआई के करीब बारह लोगों का स्टाफ महासू क्षेत्र में डटा हुआ है। आधा स्टाफ बानकुफर वन विभाग के विश्राम गृह और आधा कोटखाई के विश्राम गृह में ठहर रहा है।
चार महीने में सीबीआई करीब पौने दो सौ लोगों से खून के नमूने ले चुकी है। गुड़िया प्रकरण में पुलिस हिरासत में लिए गए लोग भी बीच-बीच में सीबीआई के पास हाजिरी भर रहे हैं। चार महीने की छानबीन के दौरान सीबीआई गुड़िया मामले में किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
सैकड़ों लोगों से गुड़िया दुराचार और हत्या के मामले में पूछताछ भी हो चुकी है। मजदूरों, बुजुर्गोें, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, लोगों के घरों के नौकरों सहित सभी लोग सीबीआई के बुलावे पर अपने बयान दर्ज करवा चुके हैं। फिर भी सीबीआई को पुख्ता सबूत के आधार पर आरोपी हाथ नहीं लग रहे हैं।
चार जुलाई को गुड़िया स्कूल से घर लौटते वक्त लापता हुई। छह जुलाई को बानकुफर के जंगल में गुड़िया का शव मिला। अठारह जुलाई की रात को पुलिस ने गुड़िया प्रकरण में आरोपी बनाए गए सूरज की कोटखाई थाने में मौत हुई। उन्नीस जुलाई को भड़के लोगों ने कोटखाई के पुलिस थाने में आग लगा दी। पुलिस के तीन वाहनों को लोगों ने जला डाला। उसके बाद प्रदेश सरकार की ओर से मामला सीबीआई को सौंपा गया।
गुड़िया के शव के पोस्टमार्टम के दौरान निकाला डीएनए को तरल द्रव्य
गुड़िया के शव का पोस्टमार्टम आईजीएमसी शिमला के डॉक्टरों ने किया। इन्हीं चिकित्सकों ने शव से एक तरल द्रव्य निकाला। सूत्रों की मानें तो चिकित्सकों को यह गर्दन के निचले हिस्से में दांतों के काटने के निशान के बीच से मिला है।
इससे जो टिश्यू डॉक्टरों ने एफटीए कार्ड पर एकत्र किए, उसी से डीएनए निकाला गया है। यही एक वैज्ञानिक सबूत है, जिसको आधार बनाकर ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं। इसी से लोगों से लिए गए ब्लड सैंपल से डीएनए का मिलान किया जा रहा है।