फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनावी टोह लेने हिमाचल के दौरे पर आ रहे हैं अमित शाह

Sun, 09 Apr 2017 03:00 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चुनावी टोह लेने हिमाचल आ रहे हैं। तीन और चार मई को अमित शाह राजधानी शिमला में पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। चुनावी साल में अमित शाह का यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है।
विज्ञापन


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि दो दिनों के इस प्रवास में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे। प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य के संदर्भ में भी चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को कांग्रेस मुक्त बनाने की दिशा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा महत्वपूर्ण साबित होने वाला है।

सत्ती ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरे से पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 25, 26 और 27 अप्रैल को शिमला में होगी। उन्होंने कहा कि अमित शाह का यह दो दिवसीय प्रवास आगामी चुनावों के दृष्टिगत महत्वपूर्ण रहेगा।
विज्ञापन


इस दौरान अमित शाह पार्टी की विभिन्न प्रदेश स्तरीय बैठकों को संबोधित करेंगे तथा पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को विशेष दिशा निर्देश देंगे। उधर भाजपा सूत्रों के मुताबिक विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल आकर अमित शाह पार्टी नेताओं को एकजुटता का पाठ भी पढ़ाएंगे। साल 2012 के विधानसभा चुनाव में की गई गलतियों को दोबारा नहीं दोहराने की नसीहत भी इस दौरे के दौरान दी जाएगी।

उत्तर प्रदेश के बाद अब भाजपा का फोकस गुजरात और हिमाचल प्रदेश पर है। दोनों राज्यों में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसी कड़ी में अमित शाह ने मई में दो दिनों के लिए हिमाचल आने का कार्यक्रम बनाया है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे के दौरान पार्टी से बाहर चल रहे कई नेताओं की वापसी भी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें