भाजपा का कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र का पन्ना प्रमुख सम्मेलन फरवरी महीने के अंतिम सप्ताह में होगा। जयराम सरकार के दूसरे बजट सत्र के चलते अभी तिथि फाइनल नहीं हुई है, लेकिन इतना तय है कि भाजपा बजट सत्र के तुरंत बाद डेट फाइनल करने में जुटी है।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन के लिए नूरपुर, शाहपुर और पालमपुर में से एक स्थान तय करने पर चर्चा चल रही है। इन तीन स्थानों में से एक स्थान फाइनल किया जाएगा। भाजपा ने मंडी, शिमला संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन हो गए हैं।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के इसी महीने ऊना के इंदिरा मैदान में प्रस्तावित है। उधर, भाजपा के कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के पालक विपिन सिंह परमार ने कहा कि बजट सत्र के बाद ही पन्ना प्रमुख सम्मेलन करने की योजना बन रही है। सम्मेलन के लिए पालमपुर, नूरपुर और शाहपुर स्थल होने की चर्चा चल रही है।
भाजपा के लिए अहम होगा अंतिम सम्मेलन
हिमाचल भाजपा के लिए कांगड़ा संसदीय क्षेत्र का पन्ना प्रमुख सम्मेलन अहम रहेगा। मंडी के सम्मेलन में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, शिमला के सम्मेलन में स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और हमीरपुर के सम्मेलन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आना प्रस्तावित है। ऐसे में कांगड़ा के सम्मेलन को कौन नेता आएगा, इस पर भाजपा कार्यकर्ता टकटकी लगाए हैं।