भाजपा का हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में पन्ना सम्मेलन का स्थान बदल दिया गया है। पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत पन्ना प्रमुख सम्मेलन 28 जनवरी को हमीरपुर में एनआईटी परिसर में होना था। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने का कार्यक्रम था।
अब यह 28 जनवरी को ऊना जिले में होगा। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधीन चल रहे एनआईटी में इस राजनीतिक कार्यक्रम को करवाने की मंजूरी नहीं मिल पाई है। एमएचआरडी और एनआईटी प्रशासन ने प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए इस राजनीतिक सम्मेलन को करवाने की स्वीकृति नहीं दी।
अमर उजाला ने अपने 4 जनवरी के अंक में सम्मेलन को लेकर 28 को भाजपा का सम्मेलन, शहर में नहीं मिल रही जगह शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। गौरतलब है कि हमीरपुर जिला मुख्यालय में बाल स्कूल मैदान, बड़ू स्थित राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज और एनआईटी तीन मैदान हैं। तीनों शिक्षा विभाग के अधीन हैं। यहां न्यायालय के आदेशों के मुताबिक कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं हो सकते।
भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने बताया कि 28 दिसंबर को हमीरपुर लोकसभा का पन्ना प्रमुख सम्मेलन ऊना के डिग्री कॉलेज समीप स्थित जिला युवाएं एवं खेल विभाग के खेल मैदान में होगा। कार्यक्रम में सुबह 11 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष आमंत्रित पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावों में जीत का मंत्र देंगे। कहा कि पार्टी की जिला इकाई ने भी लोकसभा चुनावों की तैयारी के लिए कसरत शुरू कर दी है। सम्मेलन में 37 हजार पन्ना प्रमुख व कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
पांच मंडलों में प्रभारियों की नियुक्ति
जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने जिले की तरफ से पन्ना प्रमुख सम्मेलन और लोकसभा चुनावों के मद्देनजर जिले के पांचों मंडलों पर प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। पार्टी ने सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक देश राज शर्मा को हमीरपुर मंडल का प्रभारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रघुवीर सिंह ठाकुर को
सुजानपुर, जिला उपाध्यक्ष आदर्श कांत को भोरंज, जिला महामंत्री राकेश ठाकुर को नादौन तथा जिला महामंत्री अजय शर्मा को बड़सर मंडल के प्रभारी का दायित्व सौंपा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अभी और लोगों को भी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी के प्रचार-प्रसार को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेवारियां सौंपेगी।