शिमला से भाजपा सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि देश की 22 करोड़ आबादी रोज भूखे पेट रहने को मजबूर है। गरीबी इतनी चरम पर है कि लोग दो वक्त के खाने तक की व्यवस्था करने में असमर्थ हैं। झोपड़ियों में रहने वाली महिलाओं के पास अपना तन ढकने के लिए भी कपड़े नहीं हैं।
सांसद ने बताया कि हालात इतने गंभीर हैं कि घर में अगर तीन महिलाएं हैं तो उनमें से दो बिना कपड़ों के रहती हैं। एक महिला ही कपड़े पहनकर बाहर जाती है। हालांकि, उन्होंने देश की गरीबी के हालात साझा किए लेकिन सोशल मीडिया पर इस बयान का वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
रोनहाट में गत दिवस आयोजित स्वास्थ्य मेले में जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद वीरेंद्र कश्यप ने भावुक होकर देश की गरीबी और भुखमरी पर कई कटाक्ष किए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देशभर में चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी और लाभ प्राप्त कर चुके लोगों के अनुभवों के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि सांसद निधि के चार लाख रुपये से इस स्वास्थ्य मेले का आयोजन अति दुर्गम क्षेत्र रोनहाट में इसलिए किया गया है ताकि उन गरीब लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं घर द्वार पर मिल पाए, जो शहरों में जाकर अपना इलाज करवाने में असमर्थ हैं।