भाजपा नेता किशन कपूर के मोदी सरकार की टीम में जाने के बाद खाली हुई धर्मशाला विधानसभा सीट पर पार्टी ने उपचुनाव की तैयारियों का बिगुल बजा दिया है। भाजपा 21 जुलाई को धर्मशाला में त्रिदेव सम्मान सम्मेलन के बहाने चुनावी शंखनाद करेगी। कपूर के दिल्ली जाने के बाद धर्मशाला में टिकट को लेकर सियासी लाबिंग चरम पर है।
उधर, कांग्रेस से सुधीर शर्मा परदे के पीछे ही सियासी गुणाभाग में लगे हुए हैं। ऐसे में भाजपा के पास धर्मशाला से बड़ा नाम न होने के चलते उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए संगठन मंत्री पवन राणा मंडल भाजपा की बैठक लेने पहुंच गए। त्रिदेव सम्मेलन के आयोजन की तैयारियों के बहाने राणा ने उपचुनाव को लेकर फीडबैक लिया।
इसमें निर्णय लिया गया कि पार्टी 21 जुलाई को धर्मशाला में त्रिदेव सम्मेलन का आयोजन कर बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक और बूथ एजेंट को सम्मानित करेगी। इसके अलावा इसमें विस क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया जाएगा ताकि चुनावी शंखनाद जोरदार किया जा सके। उधर, पवन राणा के धर्मशाला पहुंचने पर टिकट के चाह्वान भी जुट गए।
खास बात यह भी रही कि मंडल की बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष संजय चौधरी नहीं आए। कुछ और भाजपा नेता भी बैठक में नहीं पहुंचे। धर्मशाला मंडल की बैठक अध्यक्ष रमेश अटवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य अतिथि संगठन मंत्री पवन राणा को फीडबैक दी गई। धर्मशाला के सामुदायिक भवन कोतवाली बाजार में 21 जुलाई सुबह 11 बजे त्रिदेव सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। अटवाल की मानें तो इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिरकत कर सकते हैं।